Meerut News: मेरठ में महिला ने दुष्कर्म से बचने को चलती गाड़ी से लगाई छलांग

Meerut News: शहर का व्यस्त नेशनल हाईवे-58 शनिवार रात दहशत का मंजर बन गया। दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला ने अपनी आबरू बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। आरोप है कि नशे में धुत एक टेंपो चालक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना एमआईईटी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास हुई। पीड़िता सिर और हाथ में गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी नाक की हड्डी भी टूट गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

बर्थडे पार्टी से लौट रही थी दिल्ली

महिला ने बताया कि वह शनिवार शाम कंकरखेड़ा इलाके में एक नेता के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई थी। देर रात आनंद विहार लौटने के लिए उसने परतापुर तक जाने के लिए टेंपो पकड़ा। शुरुआत में ही चालक ने उसे बराबर में बैठने को कहा और रास्ते में छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी गर्दन दबाकर दुष्कर्म की कोशिश की और धमकी दी कि शोर मचाया तो टेंपो से बाहर फेंक देगा। एमआईईटी कॉलेज के पास गाड़ी की स्पीड धीमी होने पर महिला ने हिम्मत जुटाकर छलांग लगा दी। लहूलुहान हालत में वह हाईवे पर पड़ी रही। हैरानी की बात यह है कि आरोपी करीब एक किलोमीटर तक महिला को धमकाता रहा, लेकिन न तो पुलिस गश्त नजर आई और न ही किसी ने उसकी चीखें सुनीं।

पुलिस ने बनाई टीमें, आरोपी की तलाश

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला जिस नेता के यहां पार्टी में गई थी, वहां पैसों के लेन-देन की चर्चा क्यों हो रही थी। इस वारदात ने एक बार फिर हाईवे पर महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: Hapur News: खेत में किसान की संदिग्ध मौत, गांव में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.