Meerut News: नमो भारत कॉरिडोर अब दौड़ेगा सौर ऊर्जा से, NCRTC लगाएगा 110 मेगावाट संयंत्र

Meerut News: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर अब स्वच्छ और हरित ऊर्जा से दौड़ेगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इसकी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश में 110 मेगावाट (AC) ग्रिड कनेक्टेड सौर पीवी पावर प्रोजेक्ट लगाने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं।

ट्रेनों और स्टेशनों को मिलेगी हरित ऊर्जा

इस परियोजना से बनने वाली बिजली का इस्तेमाल कॉरिडोर पर दौड़ रही ट्रेनों, स्टेशनों और अन्य जरूरी कार्यों में किया जाएगा। NCRTC का लक्ष्य है कि इस संयंत्र से कॉरिडोर की कुल बिजली खपत का 60% हिस्सा हरित ऊर्जा से पूरा किया जाए।

फिलहाल कॉरिडोर के संचालन खर्च का करीब 30-35% हिस्सा बिजली पर जाता है। सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद खर्च में बड़ी कमी आने की संभावना है। इससे पहले ही 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 15 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सौर संयंत्र लगाने की योजना बनाई जा चुकी है। नए संयंत्र के जुड़ने के बाद कुल ऊर्जा खपत का लगभग 70% हिस्सा स्वच्छ ऊर्जा से पूरा किया जा सकेगा।

प्रदूषण घटाने में भी मददगार

विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस पहल से हर साल करीब 1,77,000 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी। यही नहीं, जीवाश्म ईंधन से चलने वाले बिजली संयंत्रों की तुलना में यह तकनीक NOx और SO₂ जैसे खतरनाक प्रदूषकों को भी काफी हद तक घटाएगी।

यह परियोजना केंद्र सरकार के राष्ट्रीय सौर मिशन और हरित ऊर्जा लक्ष्यों के अनुरूप है। सौर संयंत्र यूपी पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा, जिससे कॉरिडोर के सब-स्टेशनों को निर्बाध बिजली मिल सके। NCRTC का मानना है कि यह पहल भविष्य में सार्वजनिक परिवहन को स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा से जोड़ने का रास्ता साफ करेगी।

Also Read: बॉक्स ऑफिस पर धीमी रही द बंगाल फाइल्स की शुरुआत, पहले दिन सिर्फ 1.75 करोड़ रुपये कमाए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.