Meerut News: ऑपरेशन शस्त्र की बड़ी कामयाबी, दो असलहा तस्कर मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार

Meerut News: पुलिस के “ऑपरेशन शस्त्र” अभियान को शुक्रवार तड़के बड़ी सफलता मिली। स्वाट टीम प्रथम, थाना मवाना और हस्तिनापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन कुख्यात असलहा तस्कर गिरफ्तार किए गए। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल, दो तमंचे, 14 जिंदा कारतूस और एक वैगनआर कार बरामद की।

ऐसे हुई कार्रवाई

जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक अपराध और ग्रामीण के नेतृत्व में अभियान चल रहा था। इसी दौरान मवाना पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध वैगनआर (HR98N4485) में हथियार तस्कर सवार हैं। हस्तिनापुर थाना प्रभारी उनका पीछा कर रहे थे। नहर पटरी के पास पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुड्डू उर्फ युधिष्ठिर को गोली लगी और उसके दो साथी दबोच लिए गए।

वहीं पकड़ा गया जॉनी उर्फ शोकेन्द्र भाटी — जो थाना हस्तिनापुर का हिस्ट्रीशीटर और डी-97 गैंग का लीडर है — ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। इस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह भी घायल हो गया।

कुख्यात अपराधी निकले आरोपी

पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे अवैध हथियार मनीष नामक व्यक्ति को सप्लाई करते थे, जिसे खरखौदा पुलिस ने बीती रात ही मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जॉनी पर हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुड्डू और सोनू पर भी कई संगीन मामले चल रहे हैं।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान

  • गुड्डू उर्फ युधिष्ठिर, निवासी हस्तिनापुर (घायल)

  • जॉनी उर्फ शोकेन्द्र भाटी, निवासी अलीपुर मोरना (घायल)

  • सोनू प्रजापति, निवासी मुरादनगर

इस पूरी कार्रवाई में स्वाट प्रभारी अखिलेश गौड़, मवाना थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र और हस्तिनापुर थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह मेरठ समेत आसपास के जिलों में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की सप्लाई करता था।

Also Read: व्हाइट हाउस में ट्रंप का टेक दिग्गजों के साथ डिनर, एलन मस्क रहे गायब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.