Meerut News: कारोबारी को धमकी देकर 20 लाख वसूलने वाले दो दारोगा गिरफ्तार, प्रयागराज में मुंशी के घर छिपे थे आरोपी
Meerut News: मेरठ के बहुचर्चित धागा कारोबारी अपहरण कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिछले काफी समय से फरार चल रहे लोहियानगर थाने के दारोगा लोकेंद्र साहू और महेश कुमार अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। स्वाट टीम ने इन्हें प्रयागराज से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब ये हाईकोर्ट से राहत पाने की कोशिश में जुटे थे।
यह सनसनीखेज मामला 8 दिसंबर, 2025 का है। लिसाड़ी गेट के रहने वाले धागा कारोबारी रासिक को इन दोनों दारोगाओं ने अगवा कर लिया था। खाकी की हनक दिखाकर उन्होंने रासिक को धमकी दी कि उसका नाम ‘दिल्ली ब्लास्ट’ जैसे गंभीर मामले में सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को उम्रभर जेल में सड़ने का डर दिखाया। डरे हुए कारोबारी ने अपनी जान छुड़ाने के लिए आरोपियों को 20 लाख रुपये दे दिए। 20 लाख लेने के बाद भी दारोगाओं का मन नहीं भरा और उन्होंने 10 लाख रुपये और मांगना शुरू कर दिया। इसी दबाव से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस के बड़े अफसरों से शिकायत कर दी।
जब तत्कालीन एसएसपी/डीआईजी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कराई, तो मामला सही पाया गया। पुलिस ने इन दारोगाओं के पास से वसूली गई रकम में से 15 लाख रुपये बरामद भी कर लिए थे। लेकिन बाकी के 5 लाख रुपये लौटाने का झांसा देकर ये दोनों पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। इसके बाद इन पर अपहरण और रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था।
प्रयागराज के मुंशी के घर ली थी पनाह
गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों दारोगा प्रयागराज भाग गए थे। वहां उन्होंने हाईकोर्ट में मुकदमे को रद्द कराने के लिए अर्जी दी थी। मेरठ स्वाट टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी वहां एक मुंशी के घर छिपे हुए हैं। टीम ने तुरंत छापेमारी की और सुनवाई से ठीक पहले दोनों को हिरासत में ले लिया।
Also Read: मैं टैरिफ नहीं लगा सकता, तो उस देश का व्यापार ही ठप कर दूंगा, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भड़के ट्रंप

