Meerut News: सादे कपड़ों में दबिश देने गए सिपाही और दारोगा की पिटाई, SSP ने दोनों को किया सस्पेंड
Meerut News: जिले के सठला गांव में अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में दरोगा सौरभ और सिपाही सुनील को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि ये दोनों पुलिसकर्मी बिना वर्दी (सादे कपड़ों में) दबिश देने पहुंचे थे, जो नियमों के खिलाफ है।
ड्रोन से निगरानी और फ्लैग मार्च
गुरुवार को एसएसपी और एसपी देहात खुद भारी पुलिस बल के साथ सठला गांव पहुंचे। गांव के हालात को देखते हुए वहां एक प्लाटून पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है। पुलिस ने पूरे गांव में फ्लैग मार्च निकाला और छतों की तलाशी के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया। गांव के 40 अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 11 कुख्यात बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोलने के आदेश दिए गए हैं।
#मेरठ में 2 दिन पहले दबिश देने गये दारोगा और सिपाही नंगा करके पीटे गये. जांच में दोनो की लापरवाही सामने आयी. SSP ने दोनों पुलिसवाले सस्पैंड किये है. सठला गांव में गौकशों की तलाश में दोनो पुलिसकर्मी बिना वर्दी अफसरों को बताये चले गये थे. गांववालों ने घेरकर पीटा था. pic.twitter.com/DDxZ0bKNzp
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) December 26, 2025
गांव में ही तैनात रहेगी पुलिस चौकी
एसएसपी ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए आदेश दिया है कि अब सठला गांव के अंदर ही स्थायी पुलिस चौकी बनाई जाएगी। पहले यह चौकी पास के दूसरे गांव में थी, जिससे रिस्पॉन्स टाइम ज्यादा लगता था। अब इसे गांव के भीतर शिफ्ट करने के लिए जगह की तलाश शुरू कर दी गई है। नई चौकी की जिम्मेदारी दरोगा सुमित तोमर को सौंपी गई है।
पुलिस पर हमले के मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। एसएसपी ने साफ कर दिया है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते और सभी आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक पीएसी गांव में ही डटी रहेगी।

