Meerut News: अब क्राइम ब्रांच करेगी सोनू हत्याकांड की जांच, सपा का प्रदर्शन और मंत्रियों के दौरे से गरमाई सियासत

Meerut News: मेरठ के सरधना में हुए बहुचर्चित सोनू कश्यप हत्याकांड ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। चौतरफा दबाव और पुलिस की कार्यशैली पर उठते सवालों के बीच मेरठ के एसएसपी/डीआईजी डॉ. विपिन ताडा ने इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। अब पांच पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर इस कत्ल की गुत्थी सुलझाएगी।

मुजफ्फरनगर के रहने वाले सोनू कश्यप की सरधना के सलावा में एक मामूली विवाद के बाद एक टेंपो चालक ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने पहचान मिटाने के लिए लाश पर मोबिल ऑयल डालकर उसे जला दिया था। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

मेरठ का माहौल इस वक्त काफी संवेदनशील बना हुआ है। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद जब सोनू के परिवार से मिलने मेरठ जा रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें यूपी गेट पर ही रोक दिया। घंटों की मान-मनौव्वल के बाद उन्हें वापस दिल्ली लौटना पड़ा। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने सोनू के परिवार से मुलाकात कर अपनी ओर से 1 लाख रुपये की निजी आर्थिक सहायता दी और न्याय का भरोसा दिलाया। सोनू के रिश्तेदारों के घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। मीडिया और बाहरी नेताओं के प्रवेश पर फिलहाल पाबंदी लगा दी गई है।

सपा का हल्लाबोल, 1 करोड़ मुआवजे की मांग

समाजवादी पार्टी ने इस हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर और सीमा प्रधान के नेतृत्व में सपाइयों ने जुलूस निकाला और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। उनकी मुख्य मांगें हैं।

पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।

परिवार के रहने के लिए एक पक्का मकान मिले।

घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

Also Read: 10वीं पास युवाओं के लिए RBI में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.