मेरठ: दो मासूमों की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचे से की थी फायरिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दो नाबालिग बच्चों की बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, जब आरोपी को घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए ले जाया गया, तो उसने मौके का फायदा उठाकर पुलिस पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कौन है आरोपी और क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है, जो ग्राम नवाबगढ़ी का रहने वाला है। उस पर अपने ही मोहल्ले के दो नाबालिग लड़कों की हत्या का आरोप है।
पहली घटना अप्रैल माह की है, जब असद ने गांव के 11 वर्षीय बच्चे को मौत के घाट उतार दिया था। दूसरी वारदात दो दिन पहले हुई, जिसमें उसने 14 साल के किशोर को बुलाकर गला घोंट दिया और शव को एक जर्जर मकान में फेंक दिया। जांच में सामने आया कि असद ने दोनों बच्चों के साथ कुकृत्य की कोशिश की थी, और जब उन्होंने विरोध किया तो उसने उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
ऐसे हुआ मुठभेड़
हत्या की बात कबूलने के बाद पुलिस असद को साक्ष्य बरामदगी के लिए नंगला ऑर्डर के जंगल ले गई थी। वहां उसने एक मृतक की नीली पैंट और एक रस्सी मिट्टी में से निकाल कर पुलिस को सौंपी।
जब वह दूसरी रस्सी दिखाने के लिए आगे बढ़ा, तभी उसने झाड़ियों में छिपाकर रखे तमंचे को निकाला और पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसकी टांगों में गोली मारकर उसे दबोच लिया।
क्या मिला मौके से?
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मृतक की पैंट, दो रस्सियां बरामद की गई हैं। असद को सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मेरठ पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूरी वारदात की कबूलीनामा भी दिया है और दोनों हत्याओं के पीछे का मकसद भी साफ हो गया है। पुलिस की तेजी और सतर्कता से एक गंभीर अपराधी को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे किसी और मासूम की जान जाने से बच गई।
Also Read: Kanpur: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आध्यात्मिक गुरु ‘हरिहर दास महाराज’ का निधन

