Meerut News: घर में घुसकर महिला के सिर में मारी गोली, पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर हुई वारदात

Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ जिले के सरधना तहसील के मोहल्ला आजादनगर चकला में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहाँ एक नकाबपोश हमलावर ने घर में घुसकर 40 वर्षीय महिला सीमा गुप्ता को गोली मार दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सीमा ने अपने पति को फोन करके घटना की सूचना दी। यह घटना सुबह 9:30 बजे के करीब तब हुई जब सीमा गुप्ता घर में अकेली थीं और उनके 65 वर्षीय पति मुकेश चंद अपनी जनरल स्टोर की दुकान पर गए हुए थे।

किचन में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस के अनुसार, नकाबपोश हमलावर सीधे किचन में घुसा, जहां सीमा नाश्ता बना रही थीं। आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीमा के सिर में और दूसरी पैर में लगी। गोली लगते ही सीमा चीख पड़ीं।

फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और पति मुकेश चंद को सूचना दी। परिजन तुरंत महिला को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें SD ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हमलावर की पहचान और मकसद अज्ञात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमलावर कौन था और वारदात का मकसद क्या था, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पीड़िता के पति मुकेश चंद, जिनकी दुकान अशोक की लाट पुलिस चौकी के पास है, ने बताया कि उन्हें पत्नी का फोन आया था कि उन्हें गोली मार दी गई है। घर पहुँचने पर उन्होंने सीमा को खून से लथपथ पाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे हमलावर को नहीं जानते हैं।

सौतेले बेटे ने दी घरेलू कलह की जानकारी

मुकेश चंद के बेटे अश्वनी गुप्ता (32), जो अपनी सौतेली मां से 100 मीटर दूर बने दूसरे घर में रहते हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी पहली मां की मौत 2018 में ब्रेन हेमरेज से हो गई थी। इसके करीब डेढ़-दो महीने बाद ही उनके पिता ने दुकान में काम करने वाली सीमा से दूसरी शादी कर ली थी। अश्वनी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सौतेली माँ उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करती थीं।

CO सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि यह पूरी वारदात पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई है।

Also Read: बागपत तिहरे हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, पिटाई से भड़के 2 छात्रों ने तीन को उतारा मौत के घाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.