Lucknow News: सीएम योगी-टाटा चेयरमैन की अहम बैठक, AI सिटी-सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ बड़े निवेश की रूपरेखा तैयार
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश में टाटा समूह के वर्तमान प्रोजेक्ट्स, प्रस्तावित निवेश और भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी, डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्रों में बड़े निवेश प्रस्ताव सामने आए।
AI सिटी और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव
बैठक के दौरान टाटा समूह ने राजधानी लखनऊ में ‘एआई सिटी’ विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इस परियोजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक तकनीकी हब के रूप में स्थापित करना है।
इससे स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही गोरखपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
टाटा समूह ने आईआईटी कानपुर के साथ हुए एमओयू के तहत लगभग 48 करोड़ रुपये के निवेश से पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को एआई, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, 3डी प्रिंटिंग, ड्रोन और स्पेस टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण देने की योजना प्रस्तुत की।
TCS का विस्तार, रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की लखनऊ, नोएडा और वाराणसी यूनिट्स में वर्कफोर्स बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
टाटा समूह ने लखनऊ और नोएडा में टीसीएस कर्मचारियों की संख्या 16 हजार से बढ़ाकर 30 हजार करने का प्रस्ताव रखा है, जिससे प्रदेश के डिजिटल टैलेंट पूल को मजबूती मिलेगी।
डिफेंस कॉरिडोर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में निवेश
बैठक में टाटा समूह ने यूपी के तेजी से विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर में निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई। बबीना सहित रक्षा औद्योगिक नोड्स में ड्रोन, मिसाइल और रक्षा वाहनों के निर्माण पर फोकस किया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी मोबाइल डिवाइस और अन्य कंपोनेंट्स के उत्पादन के लिए निवेश प्रस्ताव रखा गया। टाटा समूह ने इंटेल के साथ एमओयू के तहत प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण को गति देने की जानकारी दी।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट
ऊर्जा अवसंरचना के क्षेत्र में टाटा पावर प्रयागराज के बारा थर्मल पावर प्लांट में 1900 मेगावाट क्षमता की नई इकाई स्थापित कर रहा है।
इसके अलावा प्रयागराज और बांदा में 50-50 मेगावाट की सोलर परियोजनाओं पर भी काम जारी है। सोलर रूफटॉप के जरिए स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
यूपी में टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी का विस्तार
टाटा समूह ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को देखते हुए ताज, विवांता और सेलेक्शंस ब्रांड के तहत होटल नेटवर्क के बड़े विस्तार का प्रस्ताव रखा।
प्रदेश में मौजूदा 30 होटलों के साथ-साथ 30 नए होटल विकसित करने पर विचार किया जा रहा है, जिससे लक्जरी कमरों की संख्या 2,000 से बढ़कर 5,000 हो जाएगी।
ये होटल अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, वृंदावन, आगरा, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और बिजनौर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विकसित होंगे।
अयोध्या में टेंपल आर्किटेक्चर म्यूज़ियम
टाटा समूह के सहयोग से अयोध्या में बन रहे म्यूज़ियम ऑफ टेंपल आर्किटेक्चर के निर्माण कार्य को जनवरी 2027 तक पूरा करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टाटा समूह के निवेश प्रस्तावों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उद्योग, तकनीक, ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्रों में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि टाटा समूह की ये पहलें प्रदेश को आर्थिक, तकनीकी और औद्योगिक रूप से नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

