बिहार जीत के बाद CM नीतीश और चिराग पासवान की गर्मजोशी भरी मुलाकात, बोले- ईमानदार समर्थन से मिली ऐतिहासिक विजय
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद शनिवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। चिराग पासवान के नेतृत्व में लोजपा (रामविलास) का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से बधाई देने पहुँचा।
मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस भेंट की जानकारी दी और लिखा, बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के पश्चात आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर उन्हें एनडीए के प्रचंड बहुमत की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को ही फोन पर मुख्यमंत्री को बधाई दी थी और अगले दिन व्यक्तिगत रूप से मिलने आए हैं।
सहयोगी दलों के समर्थन से मिली जीत
चिराग पासवान ने इस जीत का श्रेय एनडीए के सभी घटक दलों के बीच के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा, मुझे इस बात की खुशी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के हर घटक दल की भूमिका को सराहा है। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन भी मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी का समर्थन किया था और हमने भी जदयू के प्रत्याशियों के समर्थन में काम किया। चिराग पासवान ने जोर देकर कहा कि यह ऐतिहासिक जीत सहयोगी दलों के एक-दूसरे के ईमानदारी से समर्थन के बिना संभव नहीं थी, और यही ईमानदारी बड़ी जीत की वजह रही है।
एनडीए का प्रदर्शन
14 नवंबर को घोषित बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए ने कुल 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें भाजपा को 89, जदयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटों पर जीत मिली है।

