महबूबा मुफ्ती ने डिक्सन प्लान से झाड़ा पल्ला, फारूक अब्दुल्ला पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने हाल ही में अपने एक बयान पर मचे सियासी बवाल को शांत करते हुए बड़ी सफाई दी है। महबूबा ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का डिक्सन प्लान (Dixon Plan) से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इस मुद्दे पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) को घेरते हुए इतिहास के पन्ने पलट दिए।

फारूक अब्दुल्ला पर पलटवार

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महबूबा मुफ्ती ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला पर सीधा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री शेख अब्दुल्ला को डिक्सन प्लान के कारण ही गिरफ्तार किया गया था। महबूबा ने कहा, विभाजन की यह सोच नेशनल कॉन्फ्रेंस का एजेंडा हो सकती है, पीडीपी की नहीं। मुफ्ती साहब (मुफ्ती मोहम्मद सईद) ने अपना पूरा जीवन जम्मू-कश्मीर को एकजुट रखने में लगा दिया।

दरअसल, महबूबा मुफ्ती ने पीर पंजाल और चेनाब घाटी क्षेत्रों के लिए अलग संभागीय दर्जे (Divisional Status) की मांग की थी, जिसे कुछ लोगों ने राज्य के विभाजन की साजिश यानी डिक्सन प्लान से जोड़ दिया। अपनी सफाई में उन्होंने कहा, ये जिले मुख्यालय से बहुत दूर हैं, जिससे आम जनता को अपनी शिकायतों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने केवल प्रशासनिक सुविधा के लिए ‘संभागीय प्रशासन’ की मांग की थी, न कि किसी भौगोलिक बंटवारे की।

कश्मीरी पंडितों की वापसी का स्वागत

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महबूबा मुफ्ती ने कश्मीरी पंडितों के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, हम दिल से चाहते हैं कि कश्मीरी पंडित अपने घर वापस आएं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उन्होंने ही सबसे पहले विधानसभा में कश्मीरी पंडितों के लिए दो सीटें आरक्षित करने का अनुरोध किया था।

Also Read: Kanpur News: पहली शिफ्ट की दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द, अभ्यर्थियों ने काटा बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.