भारत की पहली मिस इंडिया मेहर कैस्टेलिनो का 81 वर्ष की आयु में निधन, फैशन पत्रकारिता में भी लहराया था परचम

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय फैशन जगत के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया है। भारत की पहली फेमिना मिस इंडिया, मेहर कैस्टेलिनो अब हमारे बीच नहीं रहीं। 81 वर्ष की आयु में उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। फेमिना मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मेहर कैस्टेलिनो सिर्फ एक सुंदर चेहरा नहीं थीं, बल्कि उन्होंने भारतीय फैशन को एक उद्योग के रूप में स्थापित करने में अपनी पूरी जिंदगी लगा दी।

मुंबई में जन्मी मेहर ने साल 1964 में पहली बार आयोजित हुए फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिस यूनिवर्स और मिस यूनाइटेड नेशन्स जैसी प्रतियोगिताओं में भारत का गौरव बढ़ाया। 1960 और 70 के दशक में वह भारतीय फैशन की सबसे चमकदार सितारों में से एक थीं।

फैशन जर्नलिज्म को दी नई पहचान

अक्सर माना जाता है कि ग्लैमर की दुनिया से जुड़े लोग पत्रकारिता में सफल नहीं होते, लेकिन मेहर ने इस धारणा को गलत साबित किया। 1973 में ‘ईव्स वीकली’ से उनके लेखन का सफर शुरू हुआ। उनके लेख दुनिया भर के लगभग 130 प्रमुख अखबारों और पत्रिकाओं में छपे। उन्होंने फैशन को सिर्फ ‘चमक-धमक’ नहीं, बल्कि एक गंभीर और प्रतिष्ठित पेशे के रूप में मान्यता दिलाई।

लेखक और मार्गदर्शक के रूप में योगदान

मेहर ने फैशन की बारीकियों को समझने के लिए कई महत्वपूर्ण किताबें भी लिखीं, जिनमें मैनस्टाइल, फैशन कैलिडोस्कोप और फैशन म्यूजिंग्स बेहद लोकप्रिय हुईं। वे लैक्मे फैशन वीक जैसे बड़े आयोजनों में आधिकारिक फैशन लेखिका और सलाहकार के तौर पर जुड़ी रहीं। उन्हें फैशन संस्थानों में अक्सर जज और स्पीकर के तौर पर आमंत्रित किया जाता था, जहाँ वे नई पीढ़ी के डिजाइनरों और लेखकों का मार्गदर्शन करती थीं।

Also Read: लखनऊ: अब 16 अंकों की ‘यूनिक आईडी’ से पहचाने जाएंगे मकान, लागू होगा नया प्रॉपर्टी टैक्स सिस्टम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.