अवैध हथियार तस्करी गिरोह का सदस्य प्रयागराज से गिरफ्तार, 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को अन्तर्राज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर) समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

एसटीएफ फील्ड इकाई अयोध्या की टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर सोमवार को प्रयागराज के मिंटो पार्क के सामने पुल के नीचे दबिश देकर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आलोक सिंह पुत्र विजय सिंह, निवासी वीरापुर, कमलापुर, थाना सोरांव, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।

बरामद सामान

  • 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर)
  • 1 मोबाइल फोन
  • आधार कार्ड की एक छायाप्रति
  • ₹200 नकद

एसटीएफ को पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी गिरोहों की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इस क्रम में एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उप पुलिस अधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में एसटीएफ फील्ड यूनिट अयोध्या की टीम द्वारा गहन जांच की जा रही थी।

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में मुअआ अंजनी कुमार यादव, नीरज सिंह, रजनीश कुमार सिंह और विमलेन्द्र मोहन मिश्रा की टीम ने प्रयागराज में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

अभियुक्त का कबूलनामा

पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह एक संगठित अन्तर्राज्यीय गिरोह से जुड़ा है, जो मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में अवैध रूप से निर्मित पिस्टलों को उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में तस्करी कर बेचता है। उसने बताया कि वह प्रति पिस्टल ₹25,000 में खरीद कर ₹40,000 से ₹50,000 तक की दर से बेचता है। उसने इससे पहले भी कई बार इस प्रकार की सप्लाई की है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कीड़गंज, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज में मुकदमा संख्या 97/2025, धारा 3/5/25(8) आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: मोनाड विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्रियों का बड़ा खुलासा, एक और आरोपी राजेश हरियाणा से गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.