कुशीनगर में ‘मेरा युवा भारत बजट क्विज 2026’ का आगाज़, विजेताओं को पीएम मोदी से सीधे संवाद का मिलेगा मौका
पडरौना (कुशीनगर): केंद्र सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में कुशीनगर के पडरौना ब्लॉक स्थित योद्धा बाबा इंटरमीडिएट कॉलेज, पिपरा धर्मपुर में “मेरा युवा भारत (MY Bharat) बजट क्विज 2026” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की अर्थव्यवस्था और केंद्रीय बजट 2026 की बारीकियों से जोड़ना है।
प्रतियोगिता के चरण और चयन प्रक्रिया
जिला युवा कल्याण अधिकारी सचिन ने बताया कि यह कार्यक्रम दो महत्वपूर्ण चरणों में संपन्न होगा।
प्रथम चरण (ऑनलाइन क्विज): सबसे पहले युवाओं को बजट आधारित ऑनलाइन क्विज में भाग लेना होगा। यह प्रतियोगिता 17 फरवरी 2026 तक चलेगी।
द्वितीय चरण (निबंध लेखन): क्विज में सफल प्रतिभागियों को बजट, रोजगार, शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे 8 महत्वपूर्ण विषयों पर निबंध लिखने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद का विशेष अवसर
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा। युवा अपने सुझाव और विचार सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष साझा कर सकेंगे।
सहभागिता और पंजीकरण
पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक पारितोष दुबे ने बताया कि देशभर के युवा ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। कॉलेज के प्रबंधक अवधेश सिंह ने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं से इस राष्ट्र निर्माण की पहल से जुड़ने का आह्वान किया है। इस दौरान शिक्षक सुशील सिंह, आलोक सिंह, अंकित सिंह और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: कुशीनगर: ब्लॉक परिसर में गंदगी देख बिफरीं BDO ऊषा पाल, एडीओ पंचायत को लगाई कड़ी फटकार

