UP News: हजारों स्कूलों का विलय होगा निरस्त, मनमानी करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के विलय (पेयरिंग) को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश में करीब दो से तीन हजार स्कूलों का विलय निरस्त किया जा रहा है। इनमें वे विद्यालय शामिल हैं जिनकी दूरी एक किलोमीटर से अधिक है या जहां नामांकन 50 से अधिक छात्रों का है।
पिछले महीने शुरू हुई विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया में कई जिलों में अनियमितताओं और मनमानी की शिकायतें सामने आई थीं। स्थानीय स्तर पर हुए विरोध और शिकायतों के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे सभी स्कूलों का विलय रद्द करने का आदेश दिया है। विभाग ने जिलों को एक सप्ताह के भीतर इस प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में निरस्त किया जा चुका स्कूल का विलय
अब तक ललितपुर में 12, गोरखपुर में 31, चित्रकूट में 40 और अंबेडकरनगर में 154 स्कूलों का विलय निरस्त किया जा चुका है। अनुमान है कि प्रदेश के हर जिले में औसतन 20–25 विद्यालयों का विलय रद्द किया जाएगा, जिससे यह संख्या दो से तीन हजार तक पहुंचने की संभावना है।
रविवार को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों की पेयरिंग केवल मानक के अनुरूप ही की जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने अनियमितताएं की हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस दिशा में विभाग ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी है और निदेशालय स्तर पर समीक्षा की गई है।
इसी बीच परिषदीय विद्यालयों में चल रही तबादला व समायोजन प्रक्रिया के ऑनलाइन आवेदन सोमवार देर रात तक पूरे कर लिए जाएंगे। बेसिक शिक्षा परिषद सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार बीएसए 5 व 6 अगस्त को आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे, जबकि 8 अगस्त को तबादला आदेश जारी होंगे। हालांकि विलय से प्रभावित स्कूलों को लेकर विभाग ने अभी स्पष्ट स्थिति जारी नहीं की है।
Also Read: UP News: मानदेय वृद्धि की मांग पर अड़े शिक्षामित्र, CM योगी से मुलाकात का समय मांगा

