मिल्कीपुर उपचुनाव: अखिलेश यादव का आरोप, बोले- मतदाताओं को डराया जा रहा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है और यह शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। उपचुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करार देते हुए चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई मतदाताओं के बीच भय का माहौल पैदा कर सकती है, जिससे निष्पक्ष मतदान प्रभावित हो सकता है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद की शिकायतें

मिल्कीपुर से सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने भी प्रशासन और शरारती तत्वों पर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदान सपा के पक्ष में हो रहा है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस भी मतदाताओं पर बीजेपी को वोट देने का दबाव बना रही है। इसके अलावा, उनके एजेंटों को मतदान केंद्रों में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

मुख्य मुकाबला सपा और बीजेपी के बीच

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला सपा के अजीत प्रसाद और बीजेपी के चंद्रभानु पासवान के बीच है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारा है, जबकि कांग्रेस इस सीट पर अपने गठबंधन सहयोगी समाजवादी पार्टी का समर्थन कर रही है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी इस सीट से उम्मीदवार खड़ा किया है। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित इस सीट पर कुल 3,70,829 मतदाता 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

पहली बार मतदान करेंगे 4,811 मतदाता

इस उपचुनाव में कुल 1,92,984 पुरुष मतदाता, 1,77,838 महिला मतदाता और सात थर्ड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4,811 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 255 पोलिंग सेंटर और 414 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं। 210 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जा रही है, जबकि 25 केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सिविल पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

Also Read: Milkipur Bypoll 2025: कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी, इन प्रत्याशियों की साख दांव पर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.