Milkipur By Polls Result: भाजपा के चंद्रभान लगभग 28 हजार मतों से आगे, 10वें दौर की मतगणना पूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 10वें दौर की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चंद्रभानु पासवान भारी बढ़त बना ली है। वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) के अजीत प्रसाद से 28,679 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर यह जानकारी दी गई।

वेबसाइट के अनुसार पासवान को जहां 53,299 मत मिले, वहीं सपा उम्मीदवार एवं फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को 24,620 मत मिले। निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 30 दौर में मतगणना पूरी होगी।

मिल्कीपुर विधानसभा सीट, अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से निर्वाचित होने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई है, इसीलिए उपचुनाव जरूरी हो गए हैं।

सपा जहां सीट बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा इस चुनाव को फैजाबाद लोकसभा सीट पर अपनी हार का बदला लेने के अवसर के रूप में देख रही है। वर्ष 2022 के प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा मिल्कीपुर के रूप में अयोध्या जिले की एकमात्र सीट हारी थी।

इससे पहले, सुबह भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। पासवान ने ‘पीटीआई-वीडियोज’ से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने अपने समर्थकों के प्रति भी आभार जताया।

पासवान ने कहा भाजपा सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों और योजनाओं को हमने लोगों तक पहुंचाया और मिल्कीपुर के लोगों ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर हम चुनाव जीते तो मिल्कीपुर के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Also Read: Delhi Election: नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल 1 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे, संदीप दीक्षित ने स्वीकारी हार

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.