Lucknow News: प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सफाई व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई फटकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज नगर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में फैली गंदगी, चोक नालियां और अवैध कब्जों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने जोन-1 के जोनल अधिकारी एवं जोन-5 के सफाई निरीक्षक (SFI) का दो-दो दिन का वेतन काटने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। साथ ही नरही क्षेत्र में सीढ़ी बनाकर गली अवरुद्ध करने, खुले प्लॉटों पर कूड़ा जमा होने और सड़कों पर मलबा व बिल्डिंग मटेरियल डाले जाने पर भी मंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के प्रमुख स्थल और निर्देश
-
नरही क्षेत्र (जोन-1)
-
सरोजिनी नगर द्वितीय वार्ड – अहमदनगर (जोन-5)
-
गुरु नानक वार्ड – नटखेड़ा की राम गली
-
शारदा नगर के सरस्वतीपुरम कॉलोनी (जोन-8)
इन क्षेत्रों में फैली गंदगी, बंद पड़ी नालियों, खुले प्लॉटों में कूड़े के ढेर और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर प्रभारी मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर समाधान के निर्देश दिए।
खुले प्लॉटों और अतिक्रमण पर सख्ती

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि खुले पड़े प्लॉटों के स्वामियों को नोटिस देकर उनसे बाउंड्री वॉल बनवाई जाए ताकि सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जमा न हो। उन्होंने शारदा नगर द्वितीय वार्ड में नगर निगम की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों को एक महीने के भीतर हटाने के आदेश दिए और वहां बैरिकेडिंग कराने की बात कही।
जल आपूर्ति और सीवरेज समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
-
गुरु नानक वार्ड में केवल 30% नालियों का सीवर से कनेक्शन होने पर चिंता जताई।
-
क्षेत्र में दूषित पेयजल की शिकायत पर जी.एम. जलकल को नई पाइपलाइन डलवाने का निर्देश।
-
सरोजिनी नगर द्वितीय वार्ड में सड़क पर बह रहे नाले के पानी को लेकर कहा कि जब तक नया नाला नहीं बनता, वैकल्पिक समाधान कराया जाए।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण का आदेश

श्री खन्ना ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सफाई से संबंधित सभी अधिकारी अपने क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि नालियों में कहीं भी पानी का जमाव न हो। जहां भी नालियां अवरुद्ध हों, उन्हें तुरंत क्लियर कराया जाए।
उपस्थित अधिकारीगण

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव और श्री ललित कुमार, स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार मिश्र, सहित नगर निगम लखनऊ के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Also Read: Bareilly News: बीआरसी अलीगंज में टैबलेट और प्रशस्ति पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

