जब आरक्षण पर बोलते हुए फूट-फूटकर रोने लगे मंत्री संजय निषाद, बोले- समाज को हक से दूर रखा गया

निषाद पार्टी की महारैली में भावुक हुए 'मछुआरा' समाज के नेता: विपक्ष पर उपेक्षा का आरोप, कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने और संघर्ष तेज करने की अपील

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित निषाद पार्टी की एक विशाल महारैली के दौरान योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद मंच पर भाषण देते हुए भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। महंत दिग्विजय नाथ पार्क में निषाद समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर आयोजित इस ‘महापंचायत’ में हजारों की भीड़ जुटी थी, जिसे संबोधित करते हुए डॉ. निषाद अपने समाज के संघर्षों को याद कर अपने आंसू नहीं रोक पाए।

बाइक रैली से पहुंचे, रैंप पर कार्यकर्ताओं ने बरसाए फूल

डॉ. संजय निषाद एक बड़ी बाइक रैली के जरिए कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंच तक बने रैंप पर समर्थकों ने फूल बरसाकर अपने नेता का अभिनंदन किया। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए भीड़ ने “संजय निषाद जिंदाबाद” के नारे लगाए। भारी भीड़ को देखकर गदगद डॉ. निषाद ने कहा, “यह भीड़ किराए की नहीं, बल्कि अपने हक के लिए संघर्ष करने वाले लोगों की ताकत है।”

“बच्चों के भविष्य के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा”

अपने संबोधन के दौरान खुद को समाज की आवाज बताते हुए डॉ. निषाद भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वे फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया “मैं आपके बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहूँगा। हमारे समाज के अधिकारों को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन अब समय बदल चुका है। विपक्षी दलों ने वर्षों तक निषाद समाज को उसके हक से दूर रखा और विकास के अवसर नहीं दिए। अब हमें एकजुट होकर इसका जवाब देना होगा।”

घर-घर जागरूकता और संघर्ष तेज करने का आह्वान

डॉ. निषाद ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को और तेज करने की अपील की। उन्होंने आह्वान किया कि वे अपनी लिखी किताबों और आरक्षण के अधिकार से जुड़े विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं ताकि समाज को जागरूक किया जा सके। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उनकी पार्टी के पास आज 11 विधायक हैं और वे लगातार सदन में मछुआरा समाज के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं।

Also Read: GST चोरी का ‘पुणे कनेक्शन’: 100 करोड़ के राजस्व को चूना लगाने वाला मास्टरमाइंड UP STF के हत्थे चढ़ा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.