सिद्धार्थनगर: मंत्री संजय निषाद बोले- सरकार मछुआ समाज को अनुदान और बेहतर बाजार दे रही है
Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार को जनपद सिद्धार्थनगर में मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में मत्स्य सम्पदा योजना के तहत एक महत्वपूर्ण रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। बांसी स्थित राप्ती नदी घाट पर संपन्न हुए इस कार्यक्रम में डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में, मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद जगदंबिका पाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मिलकर 1 लाख मछली के बच्चों को राप्ती नदी में प्रवाहित किया।

मंत्री का संदेश: शिक्षा और संगठन पर ज़ोर
मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने मछुआ समाज और मत्स्य पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उन्हें हर स्तर पर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन के लिए सरकार बेहतर अनुदान, संसाधन और बाजार उपलब्ध कराकर समाज को आर्थिक संपन्नता की ओर अग्रसर करने के लिए प्रयासरत है। मंत्री ने मछुआ समाज से संगठित रहने, अपने हक व अधिकार के लिए लड़ने और अपने पाल्यों को शिक्षित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिले में मछली उत्पादन का क्षेत्र बड़ा है और यहां की मछलियां बाहर तक जा रही हैं, जिनके लिए और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

नदियों के पुनर्चक्रण से रोजगार
सांसद जगदंबिका पाल ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिद्धार्थनगर को आकांक्षी जनपद में शामिल कर इसके विकास के लिए लगातार काम किया है। सांसद ने बताया कि दूषित हो चुकी नदियों के पानी का सरकार ने अभियान चलाकर पुनर्चक्रण किया है, जिससे जहां नदियों का अस्तित्व सुरक्षित हुआ है, वहीं मछुआ समाज को फिर से रोजगार उपलब्ध हुआ है। सांसद पाल ने भी मछुआ समाज से एकता के सूत्र में पिरोए रहने का आग्रह किया ताकि वे अपने हक व अधिकार की लड़ाई लड़ सकें।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: ‘जो लोग एक बोतल खून देने में भी डर जाते हैं’, रोहिणी आचार्य ने किसको दी खुली बहस की चुनौती?

