मिर्ज़ापुर: दो बाइकों की भीषण टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर
हलिया, मिर्ज़ापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हलिया-ड्रमण्डगंज मार्ग पर स्थित हथेड़ा गांव में गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र स्थित सिरावल गाँव निवासी जय नारायण पाल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जय नारायण पाल हलिया थाना क्षेत्र के हथेड़ा गांव में अपनी बहन के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। हथेड़ा गांव के पास जैसे ही वह हलिया-ड्रमण्डगंज मार्ग पर पहुँचे, सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने उन्हें ज़ोरदार टक्कर मार दी।
तत्काल मदद और इलाज
टक्कर के बाद जय नारायण पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत एम्बुलेंस सेवा (108) को सूचना दी। एम्बुलेंस कर्मियों संतोष भारती और प्रवीण पाल ने घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हलिया पहुंचाया।
PHC हलिया पर मौजूद चिकित्सक डॉ. विमल कुमार और फार्मासिस्ट संजय श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद, युवक के पैर में गंभीर चोट को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर, मिर्ज़ापुर रेफर कर दिया। वहीं, टक्कर मारने वाला दूसरा बाइक सवार घटना स्थल से तुरंत भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
रिपोर्ट: अशोक सिंह

