मिर्जापुर: 4 दिन से लापता बुजुर्ग का कुएं में मिला शव, हत्या का शक; चप्पल और मोबाइल ने उलझाई गुत्थी
हलिया (मिर्जापुर): ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के सेमरा कलां गांव में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेत की ओर गए ग्रामीणों ने एक कुएं में शव उतराता देखा। शव की पहचान अमदह गांव निवासी लल्लू उर्फ सिंघाड़ा (60) के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता थे।
कुएं के पास बिखरा मिला सामान, गायब है मोबाइल
घटनास्थल पर मिले सुराग किसी बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं। कुएं के पास मेड़ पर लल्लू की साइकिल गिरी मिली, जिसमें झोला टंगा हुआ था। मृतक के एक पैर की चप्पल कुएं से करीब 50 मीटर दूर खेत में मिली, जबकि दूसरी चप्पल कुएं के अंदर तैर रही थी। लल्लू का मोबाइल फोन मौके से गायब है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
बेटी का रो-रोकर बुरा हाल, परिजनों ने लगाए आरोप
मृतक की बेटी सोनी ने बताया कि उसके पिता 8 जनवरी को दोपहर में साइकिल लेकर गैस चूल्हा खरीदने निकले थे। जब वे वापस नहीं लौटे, तो काफी खोजबीन के बाद शनिवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों का मानना है कि लल्लू खुद उस कुएं तक नहीं पहुंचे होंगे, बल्कि उनके साथ कुछ गलत हुआ है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच शुरू
सूचना पाकर थानाध्यक्ष भारत सुमन और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और बारीकी से साक्ष्य जुटाए। लल्लू मेहनत-मजदूरी कर अपना घर चलाते थे। उनकी पत्नी की 10 साल पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उनका इकलौता बेटा नगीना महाराष्ट्र में मजदूरी करता है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर हत्या। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लल्लू अमदह से चार किलोमीटर दूर सेमरा कलां के कुएं तक कैसे पहुंचे।
रिपोर्ट: अशोक सिंह
Also Read: लापरवाही की ‘डोज’ ने ले ली इकलौते बेटे की जान, मिर्जापुर में झोलाछाप के इंजेक्शन से किशोर की मौत

