Mirzapur: प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, BSF जवान समेत तीन की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर स्थित कछवा रोड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएसएफ जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज़ रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
परीक्षा देने जा रहे थे चारों युवक
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के झूसी थाना क्षेत्र निवासी विनय यादव, हंडिया निवासी अरबाज, सरायइनायत थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी बीएसएफ जवान अमन यादव, और कार चालक फैसल शनिवार को वाराणसी में आयोजित एनटीपीसी परीक्षा देने जा रहे थे। चारों एक ही कार में सवार थे। जैसे ही उनकी कार कछवा रोड के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर डिवाइडर से टकरा गई और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कछवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। हालत नाज़ुक होने पर सभी को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।
अमन यादव (BSF जवान) और फैसल को वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरबाज को मीरजापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। विनय यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें प्रयागराज मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हाल में छुट्टी पर आया था अमन यादव
परिजनों ने बताया कि बीएसएफ जवान अमन यादव हाल ही में छुट्टी पर घर आया था और अपने दोस्त विनय को परीक्षा दिलाने के लिए साथ चल पड़ा था। उन्हें क्या मालूम था कि यह सफर उनकी ज़िंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
परिवारवालों ने ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वह तेज़ और गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पतालों में बदहवासी की हालत में पहुंच गए। रोते-बिलखते परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल तीन घरों में मातम पसरा है, और एक युवक जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।
Also Read: Lucknow: रेड्डी अन्ना एप से हुई करोड़ों की ठगी, पुलिस की छापेमारी में 15 आरोपी गिरफ्तार

