Mirzapur News: घर में घुसा तीन फीट का मगरमच्छ, वन विभाग ने अदवा बैराज में छोड़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरा उमरिया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोमवार सुबह एक तीन फीट लंबा मगरमच्छ अचानक एक घर के अंदर पहुंच गया। मगरमच्छ को घर के आंगन में चहलकदमी करता देख गृहस्वामी गजराज के परिजन घबरा गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही हलिया रेंज के रेंजर अवध नारायण मिश्रा ने वन्यजीव रक्षक नीटू शर्मा के नेतृत्व में एक टीम मौके पर भेजी। टीम ने सतर्कता और धैर्य के साथ काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा और उसे अदवा बैराज के गहरे जलाशय में छोड़ दिया। मगरमच्छ को देखकर पहले तो लोगों में अफरातफरी मच गई थी, लेकिन वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद गांव वालों और गृहस्वामी ने राहत की सांस ली।
कहाँ से आया मगरमच्छ?
रेंजर अवध नारायण मिश्रा ने बताया कि यह करीब तीन फीट का मगरमच्छ संभवतः पास के जल स्रोत से भटककर गांव की ओर आ गया था। गर्मी और बारिश के बीच अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं जब जलीय जीव अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल आते हैं। गृहस्वामी गजराज और उनके परिवार ने समय रहते वन विभाग को सूचना दी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। वन विभाग ने भी तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। पकड़े गए मगरमच्छ को प्राकृतिक जलाशय अदवा बैराज में छोड़ दिया गया है, जो इन जीवों के सुरक्षित वास के लिए उपयुक्त स्थान माना जाता है।
वन विभाग की अपील
वन्यजीव रक्षक नीटू शर्मा और रेंजर मिश्रा ने जनता से अपील की है कि अगर ऐसे कोई जंगली जानवर दिखाई दें तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में मगरमच्छ, सांप या अन्य जलीय जीवों के घरों में घुस आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Also Read: Lucknow News: बिजली विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, निशातगंज में जांच जारी

