Mirzapur News: फोरलेन पर अज्ञात कार ने मारी बाइक को टक्कर, शिक्षक की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिले में स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रामबाग फोरलेन हाईवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 10 बजे एक अज्ञात कार ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार शिक्षक शुभम सिंह (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और एम्बुलेंस बुलाकर शुभम को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तेल भरवाने के बाद लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शुभम सिंह, पुत्र बांके बिहारी सिंह, निवासी मोहल्ला चचरी मोड़, चुनार, मिर्जापुर के रहने वाले थे। वह बीती रात चुनार सीमेंट फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से पहले उन्होंने समसपुर स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया और जैसे ही वह क्रॉसिंग के पास फोरलेन हाईवे पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आई एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।

नौकरी करते थे शिक्षक के तौर पर, परिवार में छाया मातम

शुभम डॉ. सविता मेमोरियल ग्लोबल एकेडमी, चुनार में बतौर शिक्षक कार्यरत थे। परिवार में वे दो बहनों में इकलौते भाई थे और अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की असमय मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी से पहचान की कोशिश

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चुनार कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि हादसा रेलवे क्रॉसिंग के पास बन रहे ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही कार व चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

रिपोर्ट: अशोक सिंह।

 

Also Read: Mirzapur News: फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज़, सीखड़ ने चुनार को 1-0 से दी मात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.