Mirzapur News: अवैध खनन पर शिकंजा, 24 पट्टाधारकों को नोटिस जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्ज़ापुर के अहरौरा क्षेत्र में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। खनन विभाग ने एक ही सिंडिकेट से जुड़े चौबीस खनन पट्टाधारकों को नोटिस जारी कर एक हफ़्ते के भीतर जवाब मांगा है। इस कदम से खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

क्यों जारी हुआ नोटिस?

खनन विभाग के अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि भगोतीदेई, सोनपुर, चकजाता और धुरिया जैसी पहाड़ियों पर नियमों का उल्लंघन कर बड़े पैमाने पर खनन और ब्लास्टिंग की जा रही थी। शिकायतें मिल रही थीं कि पट्टाधारक मानकों से ज़्यादा खुदाई कर रहे हैं, जिससे पहाड़ियों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं।

इसके अलावा, अवैध खनन और परिवहन के कारण अहरौरा-जमुई मार्ग पर प्रदूषण बहुत बढ़ गया है। हवा में उड़ती धूल से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है, जिससे दमा और साँस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिला खनन अधिकारी ने साफ चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया, तो इन पट्टाधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी इस मामले पर ध्यान दें ताकि पर्यावरण और लोगों की सेहत को होने वाले नुकसान को रोका जा सके। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: Lucknow News: पुलिस के हत्थे चढ़े 4 नाबालिग चोर, लाइसेंसी पिस्टल और नकदी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.