Mirzapur News: डीएम ने किया प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण, बच्चों ने सुनाई कविता और पहाड़े

Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने आज सीखड़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय, डोमनपुर का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से कविता और पहाड़े सुने, साथ ही शिक्षकों को पढ़ाई का स्तर सुधारने के निर्देश दिए।

बच्चों से पूछे सवाल

निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापिका आनंद कुमारी ने बताया कि विद्यालय में कुल 126 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें से आज 72 बच्चे उपस्थित थे। कुल 6 शिक्षकों में से एक शिक्षिका छुट्टी पर थीं। जिलाधिकारी ने कक्षा 5 में जाकर बच्चों से उनके विषयों के बारे में पूछा और उनसे हिंदी व अंग्रेजी की कविताएँ सुनीं। बच्चों ने बिना किसी झिझक के जवाब दिए। कक्षा 3 और 4 के बच्चों से उन्होंने पहाड़े सुनाने को कहा, जिस पर बच्चों ने 9 और 13 का पहाड़ा सुनाया।

साफ-सफाई और पढ़ाई पर जोर

जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापिका और शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे बच्चों को सिर्फ पढ़ाएं नहीं, बल्कि हर विषय का अर्थ भी समझाएँ। उन्होंने विद्यालय परिसर में बने शौचालय का निरीक्षण किया और उसकी बेहतर साफ-सफाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा, उन्होंने मिड-डे-मील की गुणवत्ता की जाँच की और विद्यालय परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहाँ सिर्फ़ 9 बच्चे उपस्थित थे। कम रोशनी देखकर उन्होंने पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने और कमरे की साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।

Also Read: मिर्ज़ापुर में पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू, डीएम ने अधिकारियों संग बैठक में दिए अहम दिशा-निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.