Mirzapur News: कार ने छह लोगों को रौंदा, एक की मौत, आक्रोशित भीड़ का पुलिस चौकी पर हमला
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में साल के पहले ही दिन एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अदलहाट थाना क्षेत्र के भुइली गांव के पास कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने छह लोगों को बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे अदलहाट-शेरवा मार्ग पर कंबल बांटे जा रहे थे। तभी एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना खौफनाक था कि एक युवक कार के नीचे फंस गया और ड्राइवर उसे लगभग 4 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। मौके पर ही उस युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चकिया क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है, जो किसी काम से वहां आया था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने भाग रहे कार चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो आक्रोशित भीड़ शेरवां पुलिस चौकी जा पहुंची और वहां जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। पुलिस को स्थिति काबू में करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए पांच अन्य लोगों को आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, मृतक के घर में जैसे ही मौत की खबर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। जिस घर में नए साल का जश्न होना था, वहां अब चीख-पुकार मची है।
Also Read: साल के पहले दिन हिमाचल के नालागढ़ में ब्लास्ट, इलाके में दहशत

