मिर्जापुर: दो शव मिलने से सनसनी, ‘जमीन और टोटके’ के विवाद में हत्या की आशंका

मिर्जापुर (चुनार): जनपद के चुनार कोतवाली अंतर्गत राजापुर गांव के झरीनगरी जंगल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब महज 200 मीटर के फासले पर दो व्यक्तियों के खून से सने शव बरामद हुए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश और सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना का विवरण और मृतकों की पहचान

जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:

कांतलाल (39 वर्ष): मूल निवासी झारखंड, वर्तमान निवासी झरीनगरी (मड़िहान थाना क्षेत्र)।

प्रेम कोल (56 वर्ष): निवासी सोनभद्र, वर्तमान निवासी झरीनगरी (मड़िहान थाना क्षेत्र)।

दोनों मृतक पिछले कई वर्षों से इसी इलाके में रहकर जंगल की जमीन पर खेती कर अपना गुजर-बसर कर रहे थे।

सीमा विवाद और पुलिसिया कार्रवाई

शव मिलने के बाद चुनार और मड़िहान पुलिस के बीच घंटों सीमा विवाद (Jurisdiction Dispute) चलता रहा। अंततः एडिशनल एसपी के हस्तक्षेप के बाद चुनार पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर राजगढ़, चुनार और मड़िहान थानों की पुलिस के साथ सीओ चुनार और सीओ मड़िहान ने मोर्चा संभाला। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

जांच के मुख्य बिंदु: हत्या या कुछ और?

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। पुलिस की जांच मुख्य रूप से इन पहलुओं पर टिकी है। पुराना विवाद: बताया जा रहा है कि दोनों मृतकों के बीच कुछ समय पहले जमीन के टुकड़े और ‘टोटका’ (अंधविश्वास) को लेकर विवाद हुआ था। जिस तरह से दोनों शव अलग-अलग लेकिन पास-पास मिले हैं, पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे किसी तीसरे पक्ष का हाथ हो सकता है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ‘जर, जोरू और जमीन’ के एंगल से हर संभावित कड़ी को जोड़ रही है।

रिपोर्ट : अशोक सिंह

 

Also Read: यूपी में लेखपालों का ‘खेल’ खत्म, योगी सरकार के इस कदम से भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.