औरैया की लापता बहू मध्य प्रदेश में जिंदा मिली, मृत मानकर चल रहा था दहेज हत्या का केस
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और न्यायपालिका दोनों को हैरान कर दिया है। जिस विवाहिता को उसके मायके वालों ने दो साल पहले मृत मानकर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, पुलिस ने अब उसे मध्य प्रदेश से जिंदा बरामद कर लिया है।
यह पूरा मामला औरैया कोतवाली क्षेत्र के पढ़ीन की मड़ैया गाँव का है। यहाँ की रहने वाली एक 20 वर्षीय विवाहिता शादी के कुछ समय बाद ही रहस्यमय परिस्थितियों में अपनी ससुराल से लापता हो गई थी।
काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 23 अक्टूबर 2023 को मायके पक्ष ने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई। लंबे समय तक कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने दहेज हत्या की आशंका जताते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
न्यायालय के आदेश पर थाना कोतवाली औरैया में पति समेत ससुराल पक्ष के कुल छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (धारा 304बी) समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना सीओ सिटी औरैया द्वारा की जा रही थी।
SOG और सर्विलांस टीम ने किया बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद, पुलिस को गुमशुदा विवाहिता की लोकेशन मध्य प्रदेश में मिली। क्षेत्राधिकारी सदर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाहिता को मध्य प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया है। फिलहाल उसे औरैया लाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस बरामदगी के बाद अब यह पूरा मामला पूरी तरह से पलट गया है। जिस महिला को मृत मानकर ससुराल पक्ष के छह लोग गंभीर मुकदमे का सामना कर रहे थे, उनके लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है। अब अदालत में इस मामले का रुख पूरी तरह बदल जाना तय है।
Also Read: Lucknow News: सहारा समूह के कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन, लंबित वेतन और पीएफ भुगतान की मांग

