झारखंड से लापता मासूम ‘कन्हैया’ की यूपी में तलाश, विधिक सेवा प्राधिकरण ने मांगी मदद

पडरौना (कुशीनगर)। झारखंड के रांची से लापता हुए तीसरी कक्षा के छात्र कन्हैया कुमार की तलाश अब उत्तर प्रदेश के हर जिले में की जा रही है। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस मामले में सक्रियता दिखाई है और प्रदेश के सभी जिलों में तलाश का अभियान तेज कर दिया है।

कैसे लापता हुआ कन्हैया?

22 नवंबर 2025 की दोपहर कन्हैया अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने गया था। खेल के बाद वह अपनी माँ शांति देवी की चाट-पुचका की दुकान पर पहुँचा। वहाँ उसने प्यार से अपनी माँ को अपने हाथ से चाट बनाकर खिलाई और यह कहकर निकला कि वह बस अभी थोड़ी देर में वापस आएगा। लेकिन उस पल के बाद से कन्हैया का कुछ पता नहीं चला।

परिवार की दयनीय स्थिति कन्हैया का परिवार बेहद गरीब है। उसकी माँ चाट बेचकर किसी तरह घर चलाती हैं। मासूम बेटे के अचानक गायब हो जाने से परिवार टूट चुका है। इसी मानवीय संवेदना को देखते हुए झारखंड और यूपी के विधिक प्राधिकरणों ने हाथ मिलाया है ताकि इस बच्चे को सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।

एक अपील आपकी मदद के लिए कुशीनगर के अपर जिला जज एवं सचिव शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहयोग करें। यदि आपको यह मासूम कहीं भी दिखाई दे या इसके बारे में कोई जानकारी मिले, तो आप तुरंत इस नंबर पर सूचना दे सकते हैं:

संपर्क नंबर: 9453250991

आपकी एक छोटी सी सूचना एक मां को उसका खोया हुआ बेटा वापस दिला सकती है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: UP Bar Council Election: डॉ. वीरेंद्र यादव को मिला भारी समर्थन, अधिवक्ताओं के लिए किए बड़े वादे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.