मिशन रोजगार: यूपी में सहायक अध्यापक के 7,466 पदों पर भर्ती परीक्षा दिसंबर-जनवरी में होगी आयोजित
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक) के 7,466 पदों पर भर्ती परीक्षा दिसंबर और जनवरी माह में आयोजित की जाएगी। यह भर्ती परीक्षा 15 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी और यह योगी सरकार के मिशन रोजगार के तहत युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
नकलविहीन और पारदर्शी व्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के अनुसार, परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिन जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, वहां के जिलाधिकारी व्यक्तिगत रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
सुरक्षा के उपाय
- प्रवेश के समय बायोमेट्रिक सत्यापन और सख्त फ्रिस्किंग।
- सीसीटीवी कैमरे की सक्रियता, तथा एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) और एसटीएफ की निगरानी टीमें तैनात रहेंगी।
- प्रश्नपत्रों की गोपनीयता के लिए कलर एवं कोड आधारित एसएमएस प्रणाली लागू की जाएगी।
- गोपनीय सामग्री की निकासी और केंद्रों तक सुरक्षित पहुंच सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर ध्यान
परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। सभी केन्द्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी समय पर पूरा कर लिया गया है।
योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में 8.5 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां प्रदान कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सरकार की पारदर्शी, त्वरित और तकनीक-आधारित भर्ती व्यवस्था से राज्य में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित हुए हैं।
Also Read: डिजिटल अरेस्ट रैकेट का पर्दाफाश: लखनऊ में 95 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी का मददगार MP से गिरफ्तार

