मिशन शक्ति 5.0: इंटरमीडिएट टॉपर सिमरन एक दिन के लिए बनीं सिद्धार्थनगर जिलाधिकारी

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति 5.0 के तहत, जनपद सिद्धार्थनगर में एक अनूठी पहल की गई। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डुमरियागंज की मेधावी छात्रा सिमरन को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. द्वारा प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का जिलाधिकारी (Collector) बनाया गया। सिमरन ने यह सम्मान परीक्षा वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्कृष्ट अंकों से उत्तीर्ण करने के उपलक्ष्य में प्राप्त किया।

डीएम और सीडीओ ने किया स्वागत

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह ने एक दिन की जिलाधिकारी बनीं छात्रा सिमरन का पुष्पगुच्छ और बैग भेंट कर सम्मान और स्वागत किया। इसके बाद, छात्रा सिमरन ने भी अन्य उपस्थित छात्राओं को बैग और किट देकर सम्मानित किया।

एक दिन की डीएम सिमरन का संदेश

एक दिन के लिए जिले की कमान संभालने वाली सिमरन ने इस अवसर पर कहा कि वह सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

छात्राओं से डीएम का संवाद

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने उपस्थित अन्य छात्राओं से संवाद किया। छात्राओं ने अपनी महत्वाकांक्षाएं बताते हुए कहा कि वे जज और डॉक्टर बनकर जनपद का नाम रोशन करना चाहती हैं।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “आप लोग एक लक्ष्य बनाकर तैयारी करें। कड़ी मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है।” उन्होंने यह भी सलाह दी कि एक प्रयास में सफलता नहीं मिलने पर निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि लगातार प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित कई अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और छात्राएं मौजूद रहीं।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: हरदोई में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पांच की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.