उन्नाव में ‘मिशन शक्ति-5’ चौपाल, DM ने दिए पोषण सुरक्षा और आय बढ़ाने के मंत्र
उन्नाव: महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति-5’ कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को नवाबगंज विकासखंड के केवाना गाँव में किया गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता और मोहान विधायक बृजेश रावत की उपस्थिति में आयोजित इस जन चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।
पोषण और स्वावलंबन पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। चौपाल के दौरान आईसीडीएस विभाग ने गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली भेंट की और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराकर उनके स्वस्थ भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुड़ी बीसी सखी, बैंक सखी और विद्युत सखी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि ये महिलाएं अधिकारियों की तनख्वाह से भी अधिक आय अर्जित कर आत्मनिर्भरता का उदाहरण पेश कर रही हैं। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से इनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश ने महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जोड़ने वाली योजनाओं की जानकारी दी और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए।
चौपाल में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों पर वृद्धा, विधवा व विकलांग पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड और किसान सम्मान निधि जैसी कई योजनाओं के लिए लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। विधायक बृजेश रावत ने महिलाओं से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)
Also Read: कुशीनगर में सेवा पखवाड़े का आयोजन, 180 दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम सहायक उपकरण

