‘मिशन शक्ति’ एक ‘सामाजिक क्रांति’: श्रावस्ती में DM-SP ने महिलाओं से किया सीधा संवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0’ के तहत श्रावस्ती पुलिस लाइन के लवकुश सभागार में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और सीधा संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
‘हर महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस करे’
इस अवसर पर, जिलाधिकारी (DM) ने अपने संबोधन में मिशन शक्ति को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि “एक सामाजिक क्रांति” बताया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम समाज में ऐसा माहौल बनाएं जहाँ हर महिला और बालिका खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।
पुलिस अधीक्षक (SP) ने इस कार्यक्रम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सिर्फ जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि जनपद की हर महिला खुद को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर महसूस करे। श्रावस्ती पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि महिलाएं निडर होकर अपने अधिकारों का उपयोग करें।”
‘मिशन शक्ति केंद्र’ प्रभारियों को मिली जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान, जनपद में मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों को मोबाइल फोन और सिम कार्ड वितरित किए गए। ऐसा इसलिए किया गया ताकि वे जिले की सभी महिलाओं से सीधे संपर्क स्थापित कर सकें और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित कर सकें।
इस भव्य आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक राम फेरन पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, चिकित्सा, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, महिला संगठन और बड़ी संख्या में छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुएं भी मौजूद रहीं।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: सिद्धार्थनगर दवा विक्रेता समिति ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजा ज्ञापन, जानिए क्या है मामला

