Lucknow News: सीएम योगी से मिलीं सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल, अटकलें तेज

Lucknow News: समाजवादी पार्टी से निकाली गईं विधायक पूजा पाल ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। बता दें कि हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

क्यों हुई थीं पार्टी से निष्कासित

पूजा पाल को सपा से निकाले जाने की वजह विधानसभा के मॉनसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना था। उन्होंने योगी सरकार की अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की जमकर सराहना की थी।

सीएम योगी ने न्याय दिलाया

कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल ने विधानसभा में कहा था कि सीएम योगी की नीतियों के कारण ही उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिला। उन्होंने कहा था, सब जानते हैं कि मेरे पति राजू पाल की हत्या किसने की थी। जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तो सीएम योगी ने मुझे न्याय दिलाया। उन्होंने यह भी कहा था कि आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री पर भरोसे की नजर से देख रहा है, क्योंकि उन्होंने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ जैसे माफियाओं का खात्मा किया है।

क्या था राजू पाल हत्याकांड

पूजा पाल के पति और बसपा विधायक राजू पाल की 2005 में प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ मुख्य आरोपी थे। इसी हत्याकांड के एक प्रमुख गवाह उमेश पाल की भी फरवरी 2023 में हत्या कर दी गई थी।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद, अतीक और अशरफ को पुलिस गुजरात की साबरमती जेल से प्रयागराज लाई थी, जहां 15 अप्रैल, 2023 की रात उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले, अतीक का बेटा असद और उसके सहयोगी भी झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।

Also Read: Varanasi News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बच्चों को भेंट की बांसुरी, योगीराज भारत भूषण भारतेंदु ने सिखाया संगीत और संस्कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.