Lucknow News: MLA राजेश्वर सिंह ने CM योगी से की मुलाकात, खोली मंत्री एके शर्मा के विभाग की पोल

सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और ड्रेनेज सुधार के नाम पर खर्च हो रहे करोड़ों के बजट पर उठाया सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर के भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने लखनऊ की जाम नालियों और खस्ताहाल सडक़ों का मामला सीएम योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा है। उन्होंने सीएम से लखनऊ नगर निगम के साथ ही नगर विकास विभाग के काम की समीक्षा की मांग की है। राजेश्वर ने बुधवार को योगी से मुलाकात की है। भाजपा विधायक का दो पन्ने का पत्र भी सामने आया है, जिसमें मंत्री अरविंद शर्मा के विभाग के जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है।

विधायक राजेश्वर सिंह ने सीएम के समक्ष रखी ‘लखनऊ की दुर्दशा’

नगर विकास व ऊर्जा विभाग संभाल रहे अरविंद शर्मा ने जुलाई में कहा था कि बिजली विभाग ने उन्हें बदनाम करने की सुपारी ले ली है। अब राजेश्वर सिंह के लिखे पत्र से भी कुछ ऐसा ही महसूस होने लगा है। पत्र में लिखा है कि लखनऊ नगर निगम व नगर विकास विभाग की लापरवाही के कारण राजधानी के नागरिक इन दिनों भारी जलभराव, टूटी-फूटी सडक़ों और जाम हुईं नालियों से त्रस्त हैं।

हाल की तेज बारिश ने एक बार फिर इन विभाग की अक्षमता को उजागर कर दिया है। हर वर्ष करोड़ों रुपए सडक़ मरम्मत, नालियों की सफाई और ड्रेनेज सुधार के नाम पर खर्च होते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सामान्य बारिश में ही कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं। जनता को आवागमन में भारी कठिनाई, बीमारियों का खतरा और शहरी ढांचे को गंभीर नुकसान झेलना पड़ रहा है।

उन्होंने पत्र में लिखा कि लखनऊ के लिए दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन योजना बने, जिसमें आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक, जीआईएस मैपिंग, और वर्षा-जल निकासी का वैज्ञानिक आकलन शामिल हो। समीक्षा समिति में स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों (सिविल इंजीनियर, शहरी योजनाकार, जल प्रबंधन विशेषज्ञ) को भी शामिल किया जाए। विधायक ने आगे कहा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है और यहां की स्थिति पूरे राज्य की छवि का प्रतिनिधित्व करती है। हर वर्ष बारिश में जलमग्न सडक़ें और परेशान जनता राजधानी की गरिमा को आघात पहुंचाती हैं। ऐसे में नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की शीघ्र समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

 

अफसरों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की मांग की

विधायक ने लिखा कि ऐसे में लखनऊ नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की तत्काल समीक्षा कराई जाए। एक उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग समिति गठित की जाए, जो नालों की सफाई, सडक़ मरम्मत व ड्रेनेज सुधार कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर निगरानी रखे। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और लापरवाही पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

एक्स पर पोस्ट की सीएम के संग मुलाकात की फोटो

सीएम योगी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर भी राजेश्वर सिंह ने एक्स पर पोस्ट की है। इसके साथ भी लिखा कि लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में बरसात के समय उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या, नालों के अवरोध एवं सडक़ों पर गड्ढों की स्थिति आदि के संबंध में नगर निगम और नगर विकास विभाग आदि की कार्यप्रणाली पर व्यापक समीक्षा कराकर ठोस कार्रवाई का अनुरोध किया है।

Also Read: UP News: नकली दवा कांड का खुलासा, STF ने हिमांशु अग्रवाल को पकड़ा, 1 करोड़ कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.