Lucknow News: विधायक राकेश प्रताप सिंह के साथ फ्लाइट में बदसलूकी, आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह के साथ दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री ने बदसुलूकी और हाथापाई की है। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी घटना फ्लाइट नंबर AI 837 की है। विधायक राकेश प्रताप सिंह सीट नंबर 4E पर बैठे थे, जबकि उनके बगल की सीट 4D पर मोहम्मद समद अली नाम का यात्री बैठा था। समद अली विदेश से लखनऊ लौट रहा था।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, उड़ान में देरी होने पर समद अली ने तेज आवाज में गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विधायक और विमान में मौजूद अन्य यात्रियों ने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने विधायक से धक्का-मुक्की भी की।

हालात बिगड़ते देख, विमानकर्मियों ने बीच-बचाव किया और यात्री को पीछे की सीट पर बैठा दिया। लेकिन इसके बाद भी वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा।

लखनऊ पहुंचते ही हुई कार्रवाई

फ्लाइट के लखनऊ पहुंचने के तुरंत बाद, विधायक राकेश प्रताप सिंह ने सरोजनीनगर पुलिस को घटना की शिकायत दी। पुलिस ने विधायक की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया और आरोपी मोहम्मद समद अली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

Also Read: बहराइच में घर में लगी आग, अंदर मिली छह लोगों की झुलसी लाशें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.