MLC Season 4 का ऐलान, 2026 में 34 मैचों का होगा महासंग्राम
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के चौथे सीजन को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है। यह सीजन 18 जून से 18 जुलाई 2026 तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 34 मुकाबले होंगे। हालांकि, इस घोषणा के बावजूद लीग पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं, क्योंकि USA क्रिकेट (USAC) ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि उसने लीग के मालिक अमेरिकन क्रिकेट एंटरप्राइजेज (ACE) के साथ अपना अनुबंध खत्म करने का फैसला वापस लिया है या नहीं।
इस अनिश्चितता ने खिलाड़ियों के बीच चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में खिलाड़ियों की यूनियन ने भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर की थी, जिससे खिलाड़ियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
क्यों है यह सीजन खास
बढ़े मुकाबले: MLC लगातार विस्तार कर रहा है। पहले सीजन (2023) में 19 मैच हुए, दूसरे (2024) में 25 और अब चौथे सीजन में कुल 34 मैच खेले जाएंगे।
शेड्यूल में बदलाव: MLC ने अपने मैचों का शेड्यूल जून-जुलाई में रखा है, ताकि यह दुनिया की दूसरी बड़ी फ्रेंचाइजी लीग, जैसे कि इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग, से न टकराए।
MLC के सीईओ जॉनी ग्रेव का कहना है कि अमेरिका में टॉप लेवल क्रिकेट की मांग तेजी से बढ़ रही है और उनका लक्ष्य यहां क्रिकेट को मजबूत करना है। MLC ने साल 2030 तक अमेरिका में 10 इंटरनेशनल स्टैंडर्ड क्रिकेट स्टेडियम बनाने का भी लक्ष्य रखा है, जिसके लिए 150 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया जाएगा।
विस्तार की योजना और टीमें
MLC 2027 से लीग में दो और नई टीमें जोड़ने की सोच रहा है, साथ ही कनाडा में भी लीग का विस्तार करने की संभावना पर विचार हो रहा है। इस लीग में फिलहाल छह टीमें हिस्सा लेती हैं, जिनमें कई भारतीय फ्रेंचाइजी भी शामिल हैं।
Also Read: UPSSSC PET 2025 Answer Key जारी, नवंबर-दिसंबर तक आ सकता है रिजल्ट

