मनरेगा अब होगी ‘VB-जी राम जी’ योजना, केंद्र सरकार ‘विकसित भारत’ विजन के तहत लाएगी नया बिल
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह ग्रामीण रोजगार के लिए एक नई योजना लाने की तैयारी में है। इस नई स्कीम का पूरा नाम ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार ऐंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ होगा, जिसे आम लोगों के बीच ‘VB-जी राम जी’ योजना के नाम से लोकप्रिय बनाया जा सकता है।
125 दिनों के रोजगार की गारंटी
इस संबंध में एक नया विधेयक जल्द ही लोकसभा में पेश किए जाने की तैयारी है। नए कानून के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। (मनरेगा में यह गारंटी 100 दिनों की थी)। बिल के ड्राफ्ट के अनुसार, इस स्कीम को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर रोजगार प्रदान करके पलायन रोकना और गाँवों को आत्मनिर्भर बनाना है।
सरकारी कार्यों में फोकस और तकनीक का उपयोग
नई योजना के तहत ग्रामीण विकास और अवसंरचना (Infrastructure) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकारी कामों को इसी स्कीम के तहत कराया जाएगा, जिसमें जल संरक्षण, ग्रामीण ढांचागत सुविधाओं का विकास और आजीविका से जुड़े मिशनों पर काम होगा।
यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा कि खेती के पीक सीजन के दौरान गाँवों में श्रमशक्ति की उपलब्धता बनी रहे। इन योजनाओं को पीएम-गति शक्ति से जोड़ा जा सकता है। कामों की निगरानी के लिए आधुनिक व्यवस्था का सहारा लिया जाएगा, जिसमें जीपीएस और मोबाइल बेस्ड मॉनिटरिंग शामिल है। प्लानिंग, ऑडिटिंग और फ्रॉड रिस्क मैनेजमेंट के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जाएगा।
Also Read: UPPSC के बाहर प्रतियोगी छात्रों का उबाल, पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प

