लखनऊ के निर्माण स्थलों पर मोबाइल यूनिट ने जांची 892 श्रमिकों की सेहत, 45 तरह के टेस्ट मुफ्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के श्रम विभाग ने निर्माण श्रमिकों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य अभियान छेड़ रखा है। ‘भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के तहत पंजीकृत मजदूरों के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट के जरिए मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा दी जा रही है।
साइट पर ही हो रहा है 45 तरह का टेस्ट
अक्सर दिहाड़ी मजदूरी के चक्कर में श्रमिक अपनी बीमारी को नजरअंदाज कर देते हैं। इसी को देखते हुए यह मोबाइल यूनिट सीधे उनके कार्यस्थल पर पहुंच रही है। इस चेकअप की खास बात यह है कि इसमें कुल 45 अलग-अलग मापदंडों पर श्रमिकों के स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के साथ-साथ उन्हें जरूरी डॉक्टरी सलाह भी दी जा रही है। यह अभियान 26 जनवरी 2026 तक लगातार जारी रहेगा।
इन बड़े प्रोजेक्ट्स पर पहुंच रही है टीम
शनिवार को यह कार्यक्रम गोमती नगर विस्तार स्थित शालीमार वन वर्ल्ड में आयोजित किया गया। इससे पहले लखनऊ के कई प्रमुख निर्माण स्थलों जैसे ओमैक्स ग्रांड, शालीमार गैलेंट, अमौसी एयरपोर्ट और एल्डिको (IIM रोड) पर भी कैंप लगाए जा चुके हैं। अब तक कुल 892 श्रमिक इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।
सेहत के साथ योजनाओं की भी जानकारी
शनिवार के कार्यक्रम में अपर श्रमायुक्त श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव और श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों को बताया कि सरकार उनके लिए सिर्फ स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि शिक्षा और बीमा जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मौके पर ही श्रमिकों को इन योजनाओं से जुड़ने और लाभ उठाने का तरीका भी समझाया गया।
यह पहल उन लोगों के लिए उम्मीद की किरण है जो दिन-रात मेहनत करके शहर की ऊंची इमारतें खड़ी करते हैं, लेकिन अपनी सेहत की ओर ध्यान नहीं दे पाते।
Also Read: ग्रिल काटकर घर में घुसे थे कानपुर के दो शातिर, लखनऊ पुलिस ने बरामद किए चोरी के विदेशी नोट

