Lucknow News: शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे ने जारी किया नया वीडियो, आत्महत्या करने की दी चेतावनी

Lucknow News: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में 25 हजार रुपये की इनामी मुख्य आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे ने फरार रहते हुए एक और वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी है। इस वीडियो में श्रद्धा ने अपने ऊपर लगे सभी हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने खुद चौथी मंजिल की बालकनी से कूदकर आत्महत्या (सुसाइड) की थी।

श्रद्धा के मुताबिक, उसने अपनी आंखों से शिवा को छलांग लगाते देखा है। उसने कहा कि अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। घटना के वक्त अपनी चुप्पी पर सफाई देते हुए उसने कहा कि उसके फ्लैट से किसी ने कूदकर जान दी थी, जिसके सदमे और खराब तबीयत के कारण वह तुरंत कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी।

भारी कर्ज और डिप्रेशन को बताया मौत की वजह

मॉडल श्रद्धा दुबे ने शिवा की मौत के पीछे उसके भारी कर्ज और मानसिक तनाव को मुख्य कारण बताया है। श्रद्धा का दावा है कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और लगातार आने वाले कर्जदारों के फोन से वह गंभीर डिप्रेशन में था। उसने बताया कि शिवा का मोबाइल फोन पुलिस के पास भेज दिया गया है, जिसकी कॉल डिटेल से कर्जदारों के फोन का सच सामने आ जाएगा।

श्रद्धा के अनुसार, शिवा अक्सर कहता था कि अगर वह कर्ज नहीं चुका पाया तो सुसाइड कर लेगा, लेकिन तब उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया था। उसने सवाल उठाया कि कोई लड़की किसी की हत्या करके उसे अपने ही फ्लैट से नीचे क्यों फेंकेगी? श्रद्धा ने वीडियो में 7 से 9 तारीख तक के घटनाक्रम की पूरी कहानी बयां की है।

7 अक्टूबर को केदारनाथ से लौटने के बाद शिवा ने रात 2 बजे अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जागरण चौराहे के पास श्रद्धा से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों पेडलर्स कैफे से होते हुए फ्लैट पर पहुंचे। 8 अक्टूबर को श्रद्धा की बहन रश्मि फ्लैट पर आईं, हालांकि उनका शिवा से कोई खास परिचय नहीं था। शाम को शिवा के दोस्त अश्विनी मिश्रा और हर्ष भी फ्लैट पर आए थे और माहौल बिल्कुल सामान्य था।

श्रद्धा के मुताबिक, 9 अक्टूबर को फ्लैट पर चाय मंगाने के बाद शिवा वॉशरूम के लिए गया और अंदर से मेन गेट बंद कर लिया। शक होने पर उसने अपनी बहन रश्मि को अंदर देखने भेजा, लेकिन जब तक दरवाजा खुला, शिवा बालकनी से छलांग लगा चुका था। इसके बाद तुरंत 112 और 108 पर कॉल कर अस्पताल पहुंचाया गया।

शिवा की मां पर मारपीट का आरोप

श्रद्धा ने शिवा की मां रंजना शर्मा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अस्पताल पहुंचते ही शिवा की मां ने उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की, जो अस्पताल के सीसीटीवी में कैद है। भावुक होते हुए उसने कहा कि जितना दुख शिवा की मां को है, उतना ही उसे भी है।

अंत में मीडिया और पुलिस से गुहार लगाते हुए श्रद्धा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उसके खिलाफ अफवाहें न फैलाई जाएं और उसका उत्पीड़न न किया जाए, वरना एक जान पहले ही जा चुकी है और इस तरह के दबाव से वह खुद भी सुसाइड कर लेगी।

Also Read: ‘पैसे कमाएं और कर्ज चुकाएं’, राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, कनाडा जाने के लिए मिलेगा पासपोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.