390+ वस्तुओं पर करों में भारी कटौती, मोदी सरकार का आमजन के लिए बड़ा उपहार
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की सेवा करने के संकल्प का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि ये सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को तेज़ी से आगे बढ़ाते हुए देश को समृद्ध राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
मध्यम वर्ग और परिवारों को बड़ा फायदा
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार मध्यम वर्ग के लिए नए अवसर पैदा कर रही है और उनकी आय बढ़ाने पर जोर दे रही है। जीएसटी सुधारों के जरिए न सिर्फ उनकी बचत में इजाफा होगा बल्कि उनकी खर्च करने योग्य आय भी बढ़ेगी। शाह ने बताया कि दैनिक जरूरत की वस्तुओं, स्वास्थ्य सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स और शैक्षिक सामग्रियों पर जीएसटी दरों में बड़ी कटौती की गई है।
”नवरात्र के पावन अवसर पर यह सुधार देश की माताओं और बहनों के लिए मोदी सरकार का खास तोहफा है। अब 390 से अधिक वस्तुओं पर जीएसटी दरें घटाई गई हैं, जिससे घर-घर में राहत पहुंचेगी।”
अमित शाह,केंद्रीय गृहमंत्री
हर घर में खुशियां और बचत
शाह ने कहा कि डेयरी उत्पादों पर जीएसटी शून्य किया गया है, वहीं साबुन, तेल, टूथब्रश, टूथपेस्ट, शैम्पू जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी अभूतपूर्व कटौती की गई है। उन्होंने दावा किया कि इन सुधारों से आम नागरिकों के जीवन में खुशहाली आएगी और हर परिवार की बचत में बढ़ोतरी होगी।
Also Read:

