मोहाली मर्डर केस: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी मिड्डू ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: मोहाली पुलिस को कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लालड़ू इलाके में हुई एक खौफनाक मुठभेड़ में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरपिंदर उर्फ मिड्डू को मार गिराया है। इस एनकाउंटर के दौरान पुलिस का एक जवान भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। राणा बलाचौरिया की हत्या महज दो दिन पहले 15 दिसंबर को एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कर दी गई थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हरपिंदर लालड़ू के पास छिपा हुआ है। जब एसएएस नगर (मोहाली) पुलिस की टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां बरसा दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हरपिंदर को गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हरपिंदर उर्फ मिड्डू मूल रूप से तरनतारन के नौशेरा पन्नुआं का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह एक शातिर अपराधी था और उस पर पहले भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह इस पूरे हत्याकांड का मुख्य चेहरा था।
इस मामले में पुलिस ने तकनीक और खुफिया तंत्र का बेहतरीन इस्तेमाल किया। हत्याकांड का एक आरोपी ऐशदीप, मॉस्को से केवल हत्या करवाने के इरादे से भारत आया था। उसे दिल्ली एयरपोर्ट से उस वक्त दबोचा गया जब वह मस्कट भागने की फिराक में था। ऐशदीप से हुई पूछताछ के आधार पर ही पुलिस को मिड्डू (हरपिंदर) की लोकेशन मिली, जिसके बाद आज का एनकाउंटर हुआ। इस साजिश का मास्टरमाइंड जुगराज सिंह बताया जा रहा है, जो अमृतसर का रहने वाला है और ‘डोनी बल गैंग’ का सक्रिय सदस्य है।
जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और गैंगवार का नतीजा हो सकती है। यह गैंग लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया गैंग का कट्टर विरोधी माना जाता है। मृतक कबड्डी खिलाड़ी पर आरोप था कि वह लॉरेंस और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के करीब था, जिसके चलते उसे निशाना बनाया गया।
Also Read: प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली के 9 टोल प्लाजा बंद करने पर विचार का निर्देश

