वनडे सीरीज के बीच मोहम्मद सिराज को कप्तानी का तोहफा, टीम ने जताया भरोसा

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को घरेलू क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में हैदराबाद टीम ने उन्हें अपने अंतिम दो लीग मुकाबलों के लिए कप्तान नियुक्त किया है।

सिराज राहुल सिंह की जगह टीम की कमान संभालेंगे और मुंबई व छत्तीसगढ़ के खिलाफ होने वाले मैचों में कप्तानी करते नजर आएंगे।

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में हैदराबाद की टीम एलीट ग्रुप-डी में शामिल है। टीम का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है—पांच मैचों में सिर्फ एक जीत, एक ड्रॉ और तीन मुकाबलों में हार मिली है।

अब हैदराबाद को अपने आखिरी दो लीग मैच घरेलू मैदान पर खेलने हैं। पहला मुकाबला 22 जनवरी से मुंबई के खिलाफ और दूसरा 29 जनवरी से छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेला जाएगा।

Mohammad Siraj

इस सीजन का पहला रणजी मैच खेलेंगे सिराज

मोहम्मद सिराज मुंबई के खिलाफ मुकाबले से रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपना पहला मैच खेलेंगे। भारतीय टीम की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के चलते वह अब तक हैदराबाद के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए थे।

फिलहाल, वह टीम इंडिया के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा हैं। हालांकि इस सीरीज में उनका प्रदर्शन अब तक खास प्रभावी नहीं रहा है और उन्होंने दो मैचों में सिर्फ दो विकेट हासिल किए हैं।

वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा। इसके बाद सिराज सीधे घरेलू क्रिकेट में लौटकर रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद की कप्तानी संभालेंगे।

अनुभव और आंकड़े

31 वर्षीय मोहम्मद सिराज अब तक भारत के लिए 109 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें 45 टेस्ट, 48 वनडे और 16 टी20 शामिल हैं।

वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 88 मैचों में 26.44 की औसत से 309 विकेट अपने नाम किए हैं।

ऐसे में हैदराबाद टीम को उम्मीद होगी कि सिराज अपने अनुभव और गेंदबाजी के दम पर अंतिम दो मुकाबलों में टीम को मजबूती देंगे और जीत की राह पर लौटाएंगे।

Also Read: BPL: खिलाड़ियों के मैदान में न उतरने से बांग्लादेश क्रिकेट की किरकिरी, मैच का टॉस तक नहीं हो सका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.