शिक्षा और स्वास्थ्य सबको सुलभ होना चाहिए: डॉ. मोहन भागवत

Lucknow News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार पहुंचे। यहाँ उन्होंने शोधार्थियों (Research Scholars) के साथ सीधा संवाद किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य समाज की मूलभूत जरूरतें हैं, इन्हें मुनाफा कमाने का धंधा या व्यवसाय नहीं बनाया जाना चाहिए।

डॉ. भागवत ने पश्चिम की शिक्षा पद्धति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने हमारी पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था को सिर्फ इसलिए नष्ट किया ताकि उन्हें काम करने के लिए काले अंग्रेज मिल सकें। उन्होंने कहा, अंग्रेजों ने जो व्यवस्था बिगाड़ी थी, अब उसे ठीक करने का समय आ गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सबको सुलभ होना चाहिए: डॉ. मोहन भागवत

संघ को पढ़कर नहीं, अंदर आकर समझें

संघ के बारे में फैले भ्रम को दूर करते हुए उन्होंने कहा कि संघ का एकमात्र लक्ष्य भारत को ‘परम वैभव सम्पन्न’ बनाना और पूरे हिंदू समाज को संगठित करना है। उन्होंने कहा, संघ किसी के विरोध में नहीं है। हमें लोकप्रियता या शक्ति की भूख नहीं है। संघ को समझने के लिए किताबों की नहीं, अनुभव की जरूरत है।

शोधार्थियों के लिए संदेश, सत्य को सामने लाएं

डॉ. भागवत ने देश की दशा बदलने में शोध (Research) की भूमिका को सबसे अहम बताया। उन्होंने शोधार्थियों से अपील की कि वे निस्वार्थ भाव से और प्रामाणिकता के साथ काम करें। उन्होंने कहा, संघ के खिलाफ बहुत दुष्प्रचार होता है, यह शोधार्थियों की जिम्मेदारी है कि वे सही और सत्य तथ्यों को दुनिया के सामने लाएं।

वैश्वीकरण (Globalization) को आज के दौर का ‘बाजारीकरण’ बताते हुए उन्होंने इसे खतरनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया अमेरिका और चीन की ‘जड़वाद’ वाली सोच से परेशान है, जो सिर्फ बलशाली के जीने की बात करते हैं। दुनिया तभी आपकी बात मानती है, जब सत्य के पीछे शक्ति खड़ी हो। विश्व गुरु बनने के लिए हमें हर क्षेत्र में शक्तिशाली बनना होगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य सबको सुलभ होना चाहिए: डॉ. मोहन भागवत

पर्यावरण और धर्म पर विचार

उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म का मतलब केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि सृष्टि को चलाने वाले नियम हैं। धूल का एक कण भी धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकता। उन्होंने सभी से पर्यावरण के प्रति ‘मित्र भाव’ रखने की अपील की। पेड़ लगाने, पानी बचाने और सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह त्यागने का आह्वान किया।

Also Read: बड़े पर्दे पर दिखेगा ऑपरेशन सिंदूर का पराक्रम, विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार मिलकर बनाएंगे फिल्म

Get real time updates directly on you device, subscribe now.