शिक्षिका से महानिदेशक बनीं मोनिका रानी, सरकारी स्कूलों का अनुभव अब शिक्षा व्यवस्था में लाएगा बदलाव

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद है। 2011 बैच की IAS अधिकारी मोनिका रानी ने शुक्रवार को महानिदेशक स्कूल शिक्षा का कार्यभार संभाल लिया है। खुद सरकारी स्कूल से पढ़ीं और 2004 से 2010 तक दिल्ली के सरकारी स्कूल में शिक्षिका रहीं मोनिका रानी का कहना है कि वे इस विभाग से करीब से जुड़ी रही हैं और इसमें सुधार के लिए बहुत कुछ करना है।

प्राथमिकताओं पर दिया जोर

कार्यभार संभालने के बाद मोनिका रानी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सरकारी स्कूलों में बच्चों का नामांकन बढ़ाना, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालयों व अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण समय पर पूरा कराना होगा।

इसके अलावा, वे ICT लैब का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने, बच्चों में पढ़ाई के प्रति वैज्ञानिक रुचि विकसित करने और छात्राओं की शिक्षा को बेहतर बनाने पर भी काम करेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि वे रोचक तरीकों से बच्चों को पढ़ा सकें और खुद भी एक उदाहरण बनें।

कार्यभार संभालने के बाद पहले दिन उन्होंने विभाग की अलग-अलग यूनिट के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके कामकाज की जानकारी ली। साथ ही, मिशन शक्ति और विकसित भारत जैसे आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.