UP में फिर सक्रिय हुआ मानसून, फतेहपुर में आकाशीय बिजली से 6 की मौत, 36 जिलों में अलर्ट जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून के फिर से सक्रिय होने के कारण कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। फतेहपुर में बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान और एक बच्चे सहित कुल 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य झुलस गए हैं।
36 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम वैज्ञानिक ने बताया कारण
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और गुजरात तट पर बने कम दबाव क्षेत्रों के समागम के साथ अरब सागर से आ रही नमी के कारण यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है। यूपी में बारिश का यह दौर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।
आज (बुधवार, 1 अक्टूबर) वाराणसी, जौनपुर और कानपुर समेत प्रदेश के 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वाराणसी में मंगलवार शाम शुरू हुई तेज बारिश बुधवार तड़के 3 बजे तक जारी रही। यहां 8 घंटे में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते लोटा टीला मठ की दीवार ढह गई। जालौन में भारी बारिश के कारण 100 साल पुराना एक शिव मंदिर ढह गया।
कई शहरों में जलभराव, मथुरा में कारें डूबीं
मंगलवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, नोएडा, गाजियाबाद, गोंडा, मथुरा, बरेली और इटावा समेत कई शहरों में तेज बारिश हुई।
श्रावस्ती: यहाँ इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं और मंडियों में भी पानी भर गया।
मथुरा में ढाई घंटे हुई बारिश से सड़कों पर कारें डूब गईं। कृष्णा नगर क्षेत्र में भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के घर में भी पानी भर गया।
लखनऊ में सुबह से धूप-छांव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिन में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

