यूपी में मानसून का कहर, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, इन जिलों के लिए जारी की चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने तराई और आगरा मंडल के 15 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 31 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 64 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी ट्रफ लाइन इस समय प्रदेश के तराई क्षेत्रों के करीब है, जिससे तराई व आगरा क्षेत्र में भारी बारिश के आसार हैं।
46 जिलों में भीषण बरसात का अलर्ट जारी
रविवार को भी पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लखीमपुर खीरी और भदोही में सर्वाधिक 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि चित्रकूट और प्रतापगढ़ में 110 मिमी, अलीगढ़ में 100 मिमी, और वाराणसी, बलिया, प्रयागराज, मिर्जापुर में 90 मिमी बारिश दर्ज हुई। देर शाम गोंडा, बहराइच, सीतापुर और बाराबंकी में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। जबकि संतकबीरनगर, बस्ती, महाराजगंज, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, अमेठी, अयोध्या, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, रामपुर, इटावा, मैनपुरी, जालौन सहित अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में रविवार को इस सीजन की सबसे जोरदार बारिश हुई। दिनभर की मूसलाधार बारिश से शहर तर-बतर हो गया और एक ही दिन में तापमान 4.8 डिग्री तक गिर गया। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 1.3 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया।
लखनऊ में आज भी अच्छी बारिश की संभावना
मलिहाबाद में 52.5 मिमी और अमौसी एयरपोर्ट पर 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पूरे शहर में औसत 34.7 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी लखनऊ में अच्छी बारिश की संभावना है। यह सिलसिला मंगलवार तक जारी रह सकता है, हालांकि मंगलवार से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है।
रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

