मुरादाबाद में बीएलओ ने तीन पेज का सुसाइड नोट लिखकर की खुदकुशी, ‘SIR लक्ष्य पूरा न होने’ से थे तनाव में
Sandesh Wahak Digital Desk: मुरादाबाद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के कार्य का लक्ष्य पूरा न होने के कारण तनाव में आए एक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने आत्महत्या कर ली है। भोजपुर निवासी सहायक अध्यापक सर्वेश सिंह (42) ने शनिवार देर रात अपने घर के पास स्थित पशुशाला में फंदे से लटककर जान दे दी।

सुसाइड नोट में तनाव का उल्लेख
सर्वेश सिंह भोजपुर थाना इलाके के बहेड़ी ब्रह्मनान निवासी थे और भगतपुर टांडा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। उन्हें बूथ नंबर 406 का बीएलओ बनाया गया था।
रविवार सुबह करीब 4 बजे परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि हुई है।
पुलिस को मौके से तीन पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग और जिला निर्वाचन अधिकारी को संबोधित करते हुए SIR का लक्ष्य पूरा न होने से परेशान होने की बात लिखी है। रातभर उनकी पत्नी, साले और भांजे एसआईआर के आँकड़ों की फीडिंग करते रहे थे, जिसके बाद सभी सो गए थे।

विरोध प्रदर्शन और आश्वासन
इस घटना से आक्रोशित महिलाओं ने रविवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस के पास सड़क पर जाम लगा दिया और मांग की कि SIR के लिए दबाव बनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि सर्वेश सिंह ने एसआईआर अभियान के तहत 70 फीसदी कार्य पूरा कर लिया था, जो विभागीय तौर पर ‘काफी गुणवत्तापूर्ण’ माना जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जाँच करेगी कि आत्महत्या क्यों की गई।
डीएम ने मृतक आश्रित कोटे के तहत बीएलओ की पत्नी को नौकरी देने, सरकारी देयों का भुगतान तीन दिन में करने और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।

